शास्त्री पार्क में बाइक सवार से लूट, मासूम बेटियों की चीखें भी नहीं रोक सकीं वारदात

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में कार सवार बदमाशों ने बाइक सवार को उसकी बच्चियों के सामने ही लूट लिया। बदमाशों ने पीड़ित की गर्दन व सीने पर चाकू लगाया तो बच्चियां बुरी तरह डरकर रोने लगीं। लेकिन इसके बाद भी बदमाशों का दिल नहीं पसीजा। वह पीड़ित से गाली-गलौज करने लगे। बाद में उसका मोबाइल व पर्स लूट लिया। इसके बाद आरोपी सीलमपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित रामकृष्ण सिंह (32) ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से कासगंज, यूपी के रहने वाला रामकृष्ण सिंह परिवार के साथ शाहबाद, दौलतपुर, शिव विहार में रहता है। इसका अपना काम है। सोमवार तड़के रामकृष्ण अपनी बाइक लेकर दो बेटियों 12 और 8 साल को लेकर गांव के लिए निकला।

शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर अचानक पीछे से आई कार ने इनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। कार से नकाबपोश दो युवक उतरे। एक युवक ने रामकृष्ण की गर्दन पर चाकू लगा दिया। दूसरे ने सीने पर चाकू लगाकर उसे धमकाया। इसके बाद जबरन उसकी जेब से मोबाइल व पर्स निकाल लिया।  उसमें 45 हजार रुपये, डीएल व अन्य कीमती सामान मौजूद था। घटना के दौरान रामकृष्ण की दोनों बच्चियां बुरी तरह डर गई और रोने लगी। बड़ी बच्ची ने बदमाशों से पिता को कुछ न कहने के लिए भी कहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और वह लूटपाट कर फरार हो गए। पुलिस पीड़ित का बयान लेकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours