नूरपुर रोड पर बाला जी केमिकल्स फैक्टरी में पाइप फटने से लगी भीषण आग 30 जून को केमिकल भरते समय फैक्टरी में हुई हादसे से प्रशासन में हड़कंप

उत्तर प्रदेश:-  अलीगढ़ में टप्पल थाना क्षेत्र के नूरपुर रोड स्थित श्री बाला जी केमिकल्स फैक्टरी में 30 जून दोपहर टैंकर में केमिकल भरते समय अचानक पाइप फट गया और आग लग गई। आग फैलती गई और फैक्टरी में धमाके होने लगे। लोगों में दहशत फैल गई। दहशत में पास में स्थित मदरसे में पढ़ने वाले 100 से अधिक बच्चे जान बचाने के लिए दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग गए। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। पुलिस प्रशासन घटना की जांच में जुटा है।

हादसा 30 जून दोपहर करीब 12 बजे हुआ। उस समय एक टैंकर में केमिकल भरा जा रहा था। अचानक पाइप फटने से आग लग गई। आग लगते ही फैक्टरी में दो बड़े धमाके हुए, जिनकी आवाज 500 मीटर दूर तक लोगों ने सुनीं। धमाका इतना तेज था कि टीन शेड का एक हिस्सा उड़ गया। कर्मचारी जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी बीच कुशल शर्मा और देव आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को कैलाश अस्पताल जेवर में भर्ती कराया गया है।

फैक्टरी के आसपास खेतों में काम कर रहे चश्मदीदों की माने तो आग की लपटें करीब 30 फीट ऊंची थीं। फैक्टरी में एक के बाद एक कुल नौ धमाके हुए। पास के घरों में रहने वाले लोग घर खाली कर जंगलों की ओर चले गए। टप्पल से वैना जाने वाला लिंक रोड जाम हो गया। लोगों ने बताया कि करीब एक घंटे तक फैक्टरी में आग की लपटें दिखाई दीं। इतनी नहीं करीब डेढ़ घंटे तक आसमान में काला धुआं छाया रहा। यह फैक्टरी पिछले करीब चार वर्षों से यहां संचालित है। आगजनी की घटना के बाद से फैक्टरी के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है।

केमिकल फैक्टरी में आग की सूचना पर दमकल टीम के साथ टप्पल पुलिस मौके पर पहुंची। घटना में कोई हताहत या माल की हानि नहीं हुई है। सभी कर्मचारी सुरक्षित है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। – सत्यवीर सिंह, थानाध्यक्ष टप्पल

टैंकर भरते समय अचानक एक पाइप फटने के कारण आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। उस समय फैक्टरी में तीन-चार कर्मचारी कार्य कर रहे थे। सभी सुरक्षित हैं। टैंकर पूरी तरह से जल गया है। – दिनेश शर्मा पूर्व प्रधान, फैक्टरी संचालक

 

आग की ऊंची लपटों और धमाकों से दहशत में आए लोग

मौलाना अमजद खान ने बताया कि करीब 12 बजे हम बच्चों को पढ़ा रहे थे। तभी अचानक फैक्टरी से आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दी। देखते ही देखते तेज आवाज में धमाके होने लगे जिससे बच्चे दहशत में आ गए। पूरे मदरसे में अफरा-तफरी मच गई।

वहीं, हादसे के समय फैक्टरी के पीछे पशु चरा रहे एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि करीब 12 बजे फैक्टरी में आग लगी। पहले तेज धमाके से टिनशेड हवा में उड़ गया। पशु भी भयभीत होकर भागने लगे। वहीं फैक्टरी से करीब 100 मीटर दूर स्थित मकान में रहने वाली जरीना खान ने बताया कि आग लगने के बाद कई धमाके हुए जिससे हम अपने घरों से निकल गए। बाहर देखा तो पूरा सड़क जाम था। कोई फैक्टरी के पास नहीं जा रहा था। वहीं, जमालू ने बताया कि फैक्टरी में धमाके से हम दहशत में आ गए थे।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours