घाटकोपर अवैध होर्डिंग हादसे में अभिनेता कार्तिक आर्यन के मामा मामी की मौत

अभिनेता कार्तिक आर्यन के दो रिश्तेदारों की भी घाटकोपर अवैध होर्डिंग हादसे में मौत हुई है। इसकी जानकारी शुक्रवार को ही फिल्म जगत के लोगों को हुई। दोनों के शवों की शिनाख्त गुरुवार हो हो सकी थी। कार्तिक ने अपने रिश्तेदारों के यहीं मुंबई में हुए अंतिम संस्कार में शिरकत की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

सोमवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में आई धूल भरी तेज आंधी के चलते घाटकोपर में एक पेट्रोल पंप के पास लगा विशालकाय होर्डिंग टूटकर वहां ईंधन लेने के लिए जुटे लोगों पर गिर गया था। बताते हैं कि ये होर्डिंग लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में देश के सबसे बड़े होर्डिंग के तौर पर प्रविष्टि पाने के लिए लगाया गया था। पुलिस ने ये होर्डिंग लगाने वाली कंपनी ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भावेश भिंडे को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

इस हादसे में मारे गए लोगों की संख्या अब 16 हो चुकी है और इन मृतकों में दो लोग अभिनेता कार्तिक आर्यन के परिवार के भी बताए जाते हैं। मनोज चंसोरिया (60) और उनकी पत्नी अनिता (59) सोमवार से ही लापता थे। जानकारी के मुताबिक ये दोनों लोग अमेरिका जाने के लिए अपने वीजा की प्रक्रिया पूरी करने मुंबई आए हुए थे। दोनों का बेटा यश अमेरिका में रहता है और यश का संपर्क सोमवार की शाम पांच बजे के बाद से ही अपने माता-पिता से नहीं हो पा रहा था। यश ने अपने माता-पिता को खूब फोन किए और जब उनका फोन नहीं मिला तो उन्होंने मुंबई में रह रहे अपने पिता के दोस्तों से बात करनी शुरू की। मनोज चंसोरिया एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) अधिकारी रह चुके हैं। कई घंटों की खोजबीन के बाद मनोज और उनकी पत्नी के शव होर्डिंग के नीचे मलबे में दबे मिले।

मनोज और अनिता के कार्तिक से रिश्ते के बारे में ये पता चला है कि वे कार्तिक के मामा और मामी थे। जबलपुर में मरियम चौक के पास रहने वाले चंसोरिया दंपती का अंतिम संस्कार यहां मुंबई के सहार श्मशानगृह में किया गया और कार्तिक ने अपनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के प्रचार को रोककर इसमे हिस्सा लिया।

 

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours