इस्तीफा देने के बाद अब दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल सरकारी मकान खाली करेंगे और सरकारी सुविधाएं छोड़ेंगे। आप सांसद संजय सिंह ने ये जानकारी दी है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि केजरीवाल एक हफ्ते में घर खाली करेंगे। कई बार हमलों का सामना करने के बावजूद सरकारी सुरक्षा को भी छोड़ेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से दिल्ली की जनता बेहद दुखी और परेशान है। अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद भी जनता की अदालत में अग्नि परीक्षा देने के लिए सीएम पद से इस्तीफा दिया है और अब जनता उनकी ईमानदारी पर मुहर लगाएगी और फिर से उन्हें मुख्यमंत्री बनाएगी।’
संजय सिंह ने बताया कि ‘कल अपना इस्तीफा देने के बाद, केजरीवाल ने कहा कि वह सुरक्षा सहित एक मुख्यमंत्री को मिलने वाली सभी सुविधाएं छोड़ देंगे और लोगों के बीच एक आम आदमी की तरह रहेंगे। हमने उन्हें यह कहते हुए मनाने की कोशिश की कि कि उनकी सुरक्षा खतरे में है। उनपर हमले भी हुए। लेकिन उन्होंने कहा कि मेरी रक्षा ईश्वर करेंगे। मैं छह महीने जेल में खूंखार अपराधियों के बीच रहा। तब भगवान ने मुझे बचाया था, अब भी भगवान मुझे बचाएंगे।’
संजय सिंह ने कहा, ‘अब दिल्ली के लोगों को सोचना है कि अगर अरविंद केजरीवाल नहीं होंगे, तो जनता को मिलने वाली मुफ्त बिजली-पानी की सुविधा का क्या होगा? बच्चों को सरकारी स्कूल में मिलने वाली बेहतरीन शिक्षा का क्या होगा? सरकारी अस्पतालों और मोहल्ला क्लिनिकों में मिलने वाले मुफ्त इलाज और दवा का क्या होगा? महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा और बुजुर्गों की मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा का क्या होगा? अगर अरविंद केजरीवाल जी प्रचंड बहुमत के साथ फिर से मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, तो भारतीय जनता पार्टी जनता को मिलने वाली तमाम सुविधाएं बंद कर देगी।’ बता दें कि मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद आप द्वारा द्वारा उनकी उत्तराधिकारी घोषित की गईं आतिशी ने नई सरकार बनाने का अपना दावा पेश किया।



+ There are no comments
Add yours