अफवाह नहीं, कार्यशैली है BJP का आधार: सीएम धामी ने उत्तराखंड में दिया बड़ा बयान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल आलोचनाओं या अफवाहों के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ता की निष्ठा, कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए निर्णय लेती है। उन्होंने कहा कि कई बार कार्यकर्ताओं को लग सकता है कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही, लेकिन नेतृत्व सभी पर नजर रखता है।

जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भाजपा की प्रांतीय परिषद बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कम बोलने और ज्यादा काम करने में विश्वास रखते हैं। “जब हमारा काम बोलेगा, तो किसी को कुछ कहने की जरूरत नहीं पड़ेगी,” उन्होंने कहा।

सीएम ने संगठन के निर्णयों पर भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा में एक बार निर्णय हो जाने के बाद कार्यकर्ता को खुद को साबित करने का पूरा अवसर दिया जाता है। उन्होंने खुद को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ भी कई बार अफवाहें फैलाई गईं, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने हमेशा विश्वास बनाए रखा।

महेंद्र भट्ट के नेतृत्व की सराहना

बैठक में महेंद्र भट्ट को पुनः प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की औपचारिक घोषणा के बाद सीएम धामी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि उन्होंने संवाद और समर्पण के माध्यम से संगठन को मजबूती दी है। उनके सहज और सौम्य स्वभाव के कारण कार्यकर्ता बेझिझक अपनी बात कह सकते हैं।

धामी ने कहा कि भट्ट के नेतृत्व में न केवल संगठन मजबूत हुआ है, बल्कि कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा है। उन्होंने ‘टीम उत्तराखंड’ की भावना को सशक्त किया है।

नारायण कार्यकर्ताओं की बात न सिर्फ सुनते हैं, समाधान भी देते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हैं और उनका हर मुद्दा प्राथमिकता से लिया जाता है। उन्होंने भट्ट को न केवल एक संगठन प्रमुख, बल्कि हर कार्यकर्ता के सुख-दुख में भागीदार बताया।

स्प्रिंग की तरह ऊपर उठे

धामी ने अपने पुराने सहयोगी महेंद्र भट्ट के साथ युवा मोर्चा के दिनों को याद करते हुए कहा कि हर बार जब चुनौतियों का दबाव बना, संगठन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से वे स्प्रिंग की तरह ऊपर उठे। उन्होंने कहा कि अब वे हर चुनौती को अवसर में बदलना जानते हैं।

भविष्य में भी भाजपा रहेगी अग्रणी

सीएम ने विश्वास जताया कि भट्ट के नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर पहले कहा गया कि हम चुनाव नहीं करा रहे, अब जब चुनाव हो रहे हैं तो मौसम का बहाना बनाया जा रहा है।

2029 में फिर प्रचंड जीत का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा न केवल पंचायत और 2027 के विधानसभा चुनाव जीतेगी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2029 के लोकसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours