सीबीआई ने खंगाले रेलवे डिपो के दस्तावेज, दो कर्मचारियों से पूछताछ

बिहार के गया में सीबीआई ने रेलवे के एक डिपो में छापेमारी की है। वहीं अपने साथ एक अभियंता और एक खलासी से पूछताछ के बाद दोनों को साथ ले गई है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई और रेलवे की विजिलेंस की एक टीम गया जंक्शन के एफसीआई गोदाम के स्थित सेंट्रल ट्रैक डिपो में सोमवार को दिन में पहुंची थी। यहां डिपो इंचार्ज वरीय प्रशाखा अभियंता आर डी चौधरी समेत कई कर्मचारियों से पूछताछ की। कई घंटों तक चली पूछताछ के बाद देर रात चौधरी और खलासी के पद पर कार्यरत राजेश को विशेष पूछताछ के लिए साथ ले गई।

वरीय प्रशाखा अभियंता पी-वे/टीडी/गया आरडी चौधरी और चतुर्थ श्रेणी के कर्मी राजेश को सीबीआई अपने साथ ले जाने की पुष्टि करते हुए एक पदाधिकारी ने बताया कि सीबीआई और रेलवे विजिलेंस की एक टीम डिपो में जांच के लिए दिन के 11 बजे के आसपास आई थी। यहां के इंचार्ज व कुछ कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की गई। इसके बाद रात को टीम अपने साथ ले गई। बताया गया कि जिस ट्रैक डिपो के इंचार्ज एसएसई आरडी चौधरी एवं एक खलासी को सीबीआई की टीम अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है। उस डिपो से पूर्व मध्य रेल के सभी पांच रेल मंडल में सामानों की आपूर्ति की जाती है।

सूत्रों ने बताया कि इसके कुछ दिन पहले डीडीयू मंडल के डेहरी-ऑन-सोन में सीबीआई ने रेड किया था, जहां से भी रेलकर्मी को टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। मामला ट्रांजेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, रोहतास जिले के डेहरी में रेल सामग्री चोरी कर संपति बनाने के एक मामले में सीबीआई की नजर सोननगर स्टोर से जुड़े पूर्व अधिकारियों पर है। डेहरी और सोननगर में छापे के बाद सीबीआई ने सासाराम में एक सेवानिवृत्त रेल अधिकारी के घर पर छापेमारी की थी, लेकिन अधिकारी नहीं मिले थे। इस संबंध में गया के सहायक मंडल अभियंता से संपर्क कर विशेष जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours