उत्तरकाशी:- उत्तरकाशी जिले के पुरोला में चल रहे लव जिहाद के मामले ने पूरे राज्य में असर देखने को मिल रहा है, जिसको लेकर उत्तराखंड सरकार ने अपना रुख साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि किसी को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी व्यक्तियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जो भी घटना हुई है, उस पर प्रशासन ने अपना काम किया है। कहीं भी किसी के साथ मारपीट नहीं हुई और न ही लूटपाट की घटना हुई है। सभी से कहा गया है शांति से काम लें, अगर कोई दोषी होगा तो उसके खिलाफ कानून काम करेगा।
वहीं, उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने पुरोला में हुए घटनाक्रम पर जिलाधिकारी से जानकारी प्राप्त की। बुधवार को इस घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सभी व्यक्तियों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की गई है। कहा गया है कि कोई भी कानून अपने हाथ में न ले। उधर, प्रभारी मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी अभिषेक रुहेला को निर्देश दिए कि सभी पक्ष के नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी को देवभूमि की परंपरा के अनुसार आचरण का परिचय देना चाहिए। जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि के शांत माहौल को बनाए रखें।



+ There are no comments
Add yours