मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने PM मोदी को बताया दिल्ली का रोडमैप, विकास की नई सुबह का आगाज

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और राजधानी दिल्ली में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली के सभी स्कूली बच्चों को इस पवित्र स्थल का भ्रमण कराया जाएगा ताकि उनमें देशभक्ति और राष्ट्रवाद की भावना प्रबल हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली के सर्वांगीण विकास को लेकर अपने विजन और योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने राजधानी को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य के समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व से हमें दिल्ली और दिल्लीवासियों की सेवा के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। दिल्ली सरकार उनके विजन के अनुरूप राजधानी के विकास के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों के सहयोग से “विकसित दिल्ली” के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि कूड़ा प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है, और इस वर्ष 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत पार्कों के सौंदर्यीकरण और सड़क किनारे पौधारोपण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान में जन भागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। साथ ही, डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक और प्रधानमंत्री संग्रहालय के महत्व को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को इन ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने दिल्ली के निरंतर विकास में प्रधानमंत्री के योगदान के लिए आभार जताया और कहा कि इससे पहले भी यमुना सफाई अभियान और नीति आयोग की बैठक के दौरान वे प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुकी हैं।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours