आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह आयु वर्ग के बच्चों को अब दिया जाएगा गर्म पका भोजन

उत्तराखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों के तीन से छह आयु वर्ग के ढाई लाख बच्चों को अब गर्म पका भोजन दिया जाएगा। शासन की ओर से इस संबंध में निदेशक महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग को आदेश जारी किया गया है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव हरि चंद्र सेमवाल बताते हैं कि विभाग को इस तरह की शिकायत मिल रही थी कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को कभी पका तो कभी कच्चा राशन दिया जा रहा है।

इस पर आदेश जारी किया गया है कि बच्चों को गर्म पका भोजन दिया जाएगा। इसके वित्त प्रबंधन के लिए ‘माता’ समिति का गठन किया जाएगा। इसमें कम से कम सात सदस्य होंगे। समिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदेन सचिव होंगे। यदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद खाली है तो उस केंद्र की सहायिका को सचिव बनाया जाएगा। इसके अलावा एक गर्भवती महिला, एक धात्री महिला और एक महिला जो सात माह से तीन साल के बच्चे की मां है समिति में सदस्य के रूप में शामिल होंगी। 

शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, सोमवार को नाश्ते में पोहे की नमकीन और भोजन में भरवा परांठा सब्जियों सहित दिया जाएगा। मंगलवार को नाश्ते में भुना चना व गुड़ व भोजन में पुलाव, बुधवार को नाश्ते में मौसमी फल व भोजन में दलिया, बृहस्पतिवार को नाश्ते में मंडुवे का बिस्कुट व भोजन में दाल-चावल, शुक्रवार को नाश्ते में भुना चना व गुड व भोजन में खिचड़ी सब्जी सहित, शनिवार को नाश्ते में बच्चों को चौलाई के लड्डू, तिल के लड्डू व भोजन में झंगोरे की खीर दी जाएगी।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours