देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पछवादून जिलाध्यक्ष व पार्टी की मीडिया पैनलिस्ट लक्ष्मी अग्रवाल और उनके पति व कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पीके अग्रवाल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए यह निष्कासन किया गया है।
लक्ष्मी अग्रवाल के साथ ही पति पीके अग्रवाल भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निकाले गए
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति के अध्यक्ष नवप्रभात ने अग्रवाल दंपति को पार्टी विरोधी गतिविधियों और केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी के चलते यह कार्रवाई की है। प्रवक्ता का कहना है कि दोनो ने 26 जनवरी जैसे महत्वपूर्ण पर्व और 4 फनवरी को जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून की महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर भी कार्यक्रम में शामिल होने से दूरी बनानए रखी। 28 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के सम्मेलन के दौरान केंद्रीय नेतृत्व से अभद्रता भी की, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों नेताओं को उनके पदों से मुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया है।
बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित संगठन है। इसमें यदि अनुशासनहीनता होती है तो उसे कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जो भी पार्टी अनुशासन की लाईन पार करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



+ There are no comments
Add yours