मथुरा दत्त जोशी के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, करन माहरा बोले– अब हमारी पार्टी में कोई वैकेंसी नहीं

भाजपा नेता मथुरा दत्त जोशी के 10 कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बयान से प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कांग्रेस के कई नेता पहले ही जा चुके हैं। उनसे सत्ताधारी दल में उथल-पुथल मची है। अब कांग्रेस के लिए कोई वैकेंसी नहीं बची है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में सम्मिलित हुए मथुरा दत्त जोशी ने मुख्य विपक्षी दल के 10 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के संबंध में बयान दिया था। जोशी का कहना है कि ये विधायक शीघ्र कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में सम्मिलित होंगे।

अहमदाबाद में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से एकजुटता का मंत्र लेकर उत्तराखंड लौटते ही कांग्रेस नेताओं में मथुरा दत्त जोशी के बयान ने चौंका दिया। प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए पूरा प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय अधिवेशन में ऐसे प्रदेशों में पार्टी को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया, जहां विधानसभा चुनाव आने वाले वर्षों में तय हैं। जोशी के बयान को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने मथुरा दत्त जोशी पर पलटवार करते हुए कहा कि जोशी से पहले कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए। इससे भाजपा के नेताओं में बेचैनी है। सत्ताधारी दल में उथल-पुथल मची है। उन्हें यही लगता है कि भाजपा में अब कांग्रेस के लिए वैकेंसी फुल है। कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। पार्टी विधायकों के कहीं जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

 

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours