महोबा:- सराफा व्यापारी के घर हुई एक करोड़ की चोरी के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से चार किलो चांदी, 131 ग्राम पीली धातु और 23 हजार रुपये बरामद हुए हैं। चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला हटवारा निवासी राजू सोनी के घर 23 जून को चोरों ने एक करोड़ के जेवर व पांच लाख रुपये चोरी कर लिए थे। घटना के दिन राजू अपनी पत्नी का इलाज कराने झांसी गया था। 24 को घर लौटने पर उसे चोरी की जानकारी हुई थी। जिसकी रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
एसपी सुधा सिंह ने बताया कि इसमें सर्विलांस व स्वॉट टीम को लगाया था। सोमवार की रात चार आरोपियों को सिरमौर तिराहा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राजकुमार कोरी निवासी काजीपुरा महोबा, राजू अहिरवार निवासी बजरिया, सुनील मिश्रा उर्फ लल्लन निवासी सूपा व शरमन अहिरवार निवासी सुगिरा है। राजुकमार के पास से तमंचा व दो कारतूस भी मिले हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। चोरी गया शेष माल उसी के पास होने की आशंका है।

+ There are no comments
Add yours