100 से अधिक हत्या करने वाले ‘डॉक्टर डेथ’ को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव पुरैनी, अलीगढ़, यूपी निवासी डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा उर्फ डॉक्टर डेथ (67) के रूप में हुई है। आरोपी ने वर्ष 1995 से 2004 के बीच अपने गैंग के साथ मिलकर अनगिनत हत्याओं को अंजाम दिया।
वर्ष 1998 से 2004 के बीच इसने 125 लोगों का अवैध रूप से डॉ. अमित के साथ मिलकर किडनी ट्रांसप्लांट भी करवाया। 2004 में इसकी गिरफ्तारी के बाद सीरियल किलिंग व किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा हुआ।देवेंद्र के खिलाफ 21 हत्याओं के मामले में आरोप पत्र दाखिल हो चुके हैं।
दिल्ली के सात मामलों में उसे उम्रकैद और गुरुग्राम के एक मामले में फांसी की सजाई सुनाई जा चुकी है। 9 जून 2023 को वह दो माह के लिए पैरोल पर बाहर आया था। इसके बाद उसने सरेंडर नहीं किया। बाद में वह राजस्थान के दौसा में एक आश्रम में बाबा बनकर रह रहा था। अपराध शाखा की टीम ने उसे दौसा से गिरफ्तार किया है। डॉ. देवेंद्र बीएएमएस डॉक्टर है। करीब एक दशक उसने राजस्थान में अपना खुद का अस्पताल भी चलाया था।



+ There are no comments
Add yours