हिसार:- एजेंसी सार्वजनिक शौचालयों का सही ढंग से रखरखाव नहीं कर रही है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने एजेंसी का टेंडर रद्द करने का फैसला किया है। अब निगम की तरफ से नया टेंडर लगाया जाएगा। चूंकि अभी आचार संहिता लागू है तो इसके हटने के बाद भी इसका नया टेंडर लगाया जाएगा।
बता दें कि निगम प्रशासन ने अभी हाल ही में सार्वजनिक शौचालयों व मूत्रालयों की सफाई का टेंडर अलॉट किया था। इसके तहत एजेंसी को प्रति माह करीब 2.28 लाख रुपये का भुगतान किया जाना तय किया गया था।
एजेंसी के पास 64 शौचालयों व 22 मूत्रालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी
टेंडर के तहत एजेंसी को 64 शौचालयों व 22 मूत्रालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत प्रतिदिन इन शौचालयों व मूत्रालयों की सफाई करवाई जानी है। मगर अधिकारियों की मानें तो उसके पास काफी शिकायतें आ रही हैं कि दोनों जगहों की सही ढंग से सफाई नहीं हो रही है। इन शिकायतों के आधार पर अधिकारियों ने भी इनका निरीक्षण किया, जिसमें शिकायतें सही मिलीं।
मॉडल टाउन ग्रीन बेल्ट में बनाए गए शौचालयों को शुरू करने के आदेश
उधर, अधिकारी ने मॉडल टाउन की ग्रीन बेल्ट में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों को जल्द शुरू करने के आदेश दिए हैं। यह शौचालय बनकर तैयार हो चुका है। अधिकारी की मानें तो शौचालय में सिर्फ पानी का कनेक्शन करना बाकी है। यह कनेक्शन जल्द कर दिया जाएगा। इसके बाद शौचालय का आमजन के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
एजेंसी अपना कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ नहीं कर रही है। एजेंसी के कार्य को लेकर काफी शिकायतें मिल रही हैं। इस कारण से उस एजेंसी का टेंडर रद्द कर नया टेंडर लगाया जाएगा। –प्रीतपाल, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम



+ There are no comments
Add yours