बेंगलुरु से कोच्चि जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान में इंजन में आग, इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित

बेंगलुरु:-  कर्नाटक में एक बड़ी घटना होने से बच गई। यहां बेंगलुरु से कोच्चि जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान में आग लग गई। यह आग फ्लाइट के एक इंजन में लगी। कुछ ही देर में आग भड़कने लगी। यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फ्लाइट की इमरजेंसी लैडिंग की गई। बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (बीआईएएल) ने बताया कि सभी यात्री और प्लेन के चालक दल सुरक्षित हैं। एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घटना के संबंध में एक बयान जारी करके कहा कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से सुरक्षित निकाल लिया गया और कोई भी घायल नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार, विमान के उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही एक इंजन में आग लगने का पता चला।

चालक दल के सदस्यों ने हवाई यातायात नियंत्रक को इसकी सूचना दी। इसके बाद विमान को यहां केंपेगौडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केआईए) पर आपात स्थिति में उतारा गया और आग पर काबू पाया गया।  बीआईएएल के एक प्रवक्ता ने कहा, ’18 मई 2024 को बेंगलुरु से कोच्चि जा रहे विमान के एक इंजन में आग लगने की सूचना के कारण उसे बेंगलुरु हवाई अड्डे पर रात 11 बजकर 12 मिनट पर आपात स्थितियों में उतारा गया।’ बीआईएएल ही केआईए के संचालन का जिम्मा संभालती है।

बीआईएएल के प्रवक्ता ने बताया कि पूर्ण पैमाने पर आपात स्थिति की घोषणा की गई और आग पर तत्काल काबू पाया गया। सभी 179 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को विमान से सुरक्षित निकाल लिया गया। एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा, ‘आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए नियामकों के साथ गहन जांच की जाएगी।’  एक यात्री और पुणे निवासी पियानो थॉमस ने कहा, ‘हम लोगों ने प्लेन में आग लगते देखी। हम सब दहशत में आ गए। विमान वापस लौट गया और रात 11.15 बजे बेंगलुरु में उतरा। आग लगने की सूचना सबसे पहले 11 बजे के आसपास मिली।’

यात्री ने बताया, ‘एयरबस ए320 विमान में 175 से अधिक यात्री सवार थे। यह पुणे से लगभग 8:20 बजे रवाना हुआ था और लगभग 9:50 बजे बेंगलुरु पहुंचा था। उतरने के तुरंत बाद, सभी दरवाजे और आपातकालीन दरवाजे खोल दिए गए और स्लाइडें बाहर आ गईं और इन स्लाइडों के माध्यम से यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। हमें रनवे के पास के खेतों की ओर भागने के लिए कहा गया, जबकि दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। लगभग 20 मिनट के बाद, एयरलाइन ने बसों की व्यवस्था की और फिर सभी यात्रियों को टर्मिनल भवन में ले जाया गया।’ एक अन्य यात्री जोस थॉमस ने बताया कि आपातकालीन निकासी के कारण कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours