आगरा में मेयर के देवर की फायरिंग, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

आगरा:-  उत्तर प्रदेश के आगरा में भाजपा की नवनिर्वाचित मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह के देवर महेशपाल का रविवार को फायरिंग करते वीडियो वायरल हो गया। वीडियो देखकर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली। मुकदमा दर्ज कर सलाखों के पीछे डाल दिया गया।

सोशल मीडिया पर रविवार को 18 सेंकड का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें नजर आ रहा था कि सफारी सूट पहने महेशपाल एक-एक करके दो फायर करता है। गोली जमीन में चलाई थी। दो व्यक्ति पास ही बाइक पर खड़े हुए हैं। एक कार भी आ जाती है। बस भी खड़ी हुई है। वीडियो में महेशपाल सिंह लिखा हुआ है।

दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

यह पहले फेसबुक पर डाला गया था। बाद में डिलीट भी कर दिया गया। मगर, यह वायरल हो गया। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस को पता चला कि महेशपाल सिकंदरा के सरायबेगा का रहने वाला है। वह मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह का देवर है। पुलिस ने दबिश दी। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली।

दोनों लाइसेंस किए जाएंगे निरस्त

थाना प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि आरोपी के पास दो लाइसेंसी हथियार हैं। इसमें एक पिस्टल तो दूसरी राइफल है। पिस्टल जब्त कर ली गई है। आरोपी का कहना था कि वह ट्रांसपोर्ट नगर के पास पिस्टल टेस्ट कर रहा था।

हालांकि बताया यह भी गया है कि फायरिंग अपने पहचान के व्यक्ति की पिस्टल से की थी। पुलिस जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है। पुलिस ने महेशपाल को निकाय चुनाव के दिन भी नजरबंद किया था।

आरोपी से कोई रिश्ता नहीं

मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह का कहना है कि आरोपी से कोई रिश्ता नहीं है। उससे कई साल से बातचीत भी बंद है। वह खुद भी पुलिस को कानूनी कार्रवाई के लिए बोल रही हैं। देवर का घर आना-जाना नहीं है।

 

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours