राष्ट्रपति ने ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

“उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी, राज्य के निर्माताओं और उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी: राष्ट्रपति मुर्मु “

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए एक स्वागत योग्य कदम है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 2000 से अधिक निर्माता अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं और 66 देशों के 400 से अधिक खरीदार इस व्यापार प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश के निर्माताओं और उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस व्यापार प्रदर्शनी में ‘एक जिला एक उत्पाद’ के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन सराहनीय है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि हस्तशिल्प आधारित उत्पादों के साथ-साथ राज्य के युवा उद्यमी, विशेषकर महिला उद्यमी भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने उद्यमिता और श्रम शक्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में, उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निवेश प्रक्रिया के सरलीकरण, व्यापार करने में आसानी और अवसंरचना के विकास में तेजी के कारण उत्तर प्रदेश अब देश की सबसे तेजी से बढ़ती राज्य-स्तरीय अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य स्तर पर ऐसे उत्कृष्ट आर्थिक प्रदर्शन के बल पर भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि 96 लाख से अधिक एमएसएमई के साथ उत्तर प्रदेश सभी राज्यों में पहले स्थान पर है। उन्होंने आगे कहा कि भूमि से घिरे राज्य होने के बावजूद, उत्तर प्रदेश से निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि राज्य का निर्यात वर्ष 2017-18 के लगभग 88,000 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2022-23 में लगभग 1,75,000 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने बताया कि जी20 नई दिल्ली नेताओं की घोषणा में स्थानीय मूल्य निर्माण और एमएसएमई के सामने आने वाली चुनौतियों की पहचान करने व एमएसएमई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने का लक्ष्य शामिल किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी, जी20 के लक्ष्यों के अनुरूप हमारी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगी।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours