पिथौरागढ़ की रामलीला में भी पेपर लीक होने का मामला पहुंच गया है। पिथौरागढ़ के टकाना की रामलीला में कलाकारों ने पेपर लीक के मामले में व्यंग कर दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों ने पेपर लीक पर संवाद किया।
टकाना की रामलीला में तीसरे दिन भगवान राम के शिव धनुष तोड़ने, रावण का शक्ति प्रदर्शन और राम-सीता स्वयंवर की लीला का मंचन किया गया। इसी बीच पेपर लीक होने का मामले में तंज कसा गया। दरबार में रावण ने कहा कि लंका में सब ठीक चल रहा है लेकिन उत्तराखंड में ठीक नहीं चल रहा है। उत्तराखंड में पटवारी भर्ती के पेपर लीक होने की सूचना मिली है। इस कटाक्ष को सुनकर दर्शक भी अपनी हंसी नहीं रोक सके। राम दरबार में उठा पेपर लीक का मामला चर्चा का विषय बना रहा।
वहीं, सदर की रामलीला में भी राम के शिव धनुष तोड़ने, सीता स्वयंवर सहित अन्य लीलाओं का मंचन किया गया। रामलीला का आनंद लेने के लिए देर रात तक दर्शकों की भीड़ रही। वहां देवेंद्र सिंह, समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह महरा, दिलीप वल्दिया, नवीन भट्ट आदि शामिल रहे।

+ There are no comments
Add yours