देहरादून और उत्तरकाशी जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से इन जिलों में कई दौर की भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं शेष जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के मुताबिक रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले सभी जिलों में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को भी पहाड़ से लेकर मैदान तक कई दौर की बारिश देखने को मिली। वहीं, देहरादून और हरिद्वार को छोड़कर गढ़वाल और कुमाऊं के अन्य सभी जिलों में आज स्कूल बंद रखे गए हैं।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से नदिया उफान पर पहुंच गई हैं। उत्तरकाशी में स्यानचट्टी पुल पर यमुना नदी का पानी आ गया है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल में सौंग, बाणगंगा, अलकनंदा, मंदाकिनी, यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। जो चेतावनी के स्तर से ऊपर है। इसके अलावा कुमाऊं में कोसी और गौरीगंगा का जलस्तर भी बढ़ा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से आदेश जारी किया गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों में सावधानी बरती जाए। वहीं, भारी बारिश की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन को अनुमति न दी जाए।
बारिश के बाद मलबा आने से प्रदेश में 384 सड़कें बंद हो गई हैं। उत्तरकाशी जिले में सबसे अधिक 70, टिहरी में 31, चमोली में 51, रुद्रप्रयाग में 39, पौड़ी में 39, देहरादून में 48, हरिद्वार में एक, पिथौरागढ़ में 28, चंपावत में तीन, अल्मोड़ा में 38, बागेश्ववर में 10, नैनीताल में 25 और ऊधमसिंह नगर में एक सड़क बंद हैं।



+ There are no comments
Add yours