चारधाम यात्रा 2022 का शुभारंभ

आज अक्षय तृतीया के पावन मौके पर चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट विधिविधान के साथ खोल दिए गए हैं। वहीं केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए छह मई को खुलेंगे। बदरीनाथ धाम के कपाट सबसे अंत में आठ मई को खुलेंगे। आगामी छह माह तक आम जनता यहां दर्शन करेगी।
प्रदेश के संस्कृति और धर्मस्व सचिव हरिचंद्र सेमवाल द्वारा इस संबंध में जारी एक आदेश के अनुसार, बदरीनाथ में प्रतिदिन अधिकतम 15,000 श्रद्धालु, केदारनाथ में 12,000, गंगोत्री में 7,000 और यमुनोत्री में 4,000 तीर्थयात्री दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के परिवहन, ठहरने, भोजन, पार्किंग, प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों एवं मंदिर में दर्शन की क्षमता तथा मंदिर परिसर की क्षमता को देखते हुए, यह निर्णय किया गया है।मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए डॉक्टरों और नर्सों की टीम मौजूद रहेगी।
बता दें कि कोरोना के कारण दो साल तक चारधाम यात्रा अपनी पूरी क्षमता के साथ नहीं हो पा रही थी।पुष्कर धामी ने कहा कि हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि चार धाम यात्रा लोगों के लिए सेफ और सुविधाजनक हो। यात्री पूरी यात्रा के दौरान स्वस्थ रहें। उन्होंने ऐलान किया कि यात्रा के दौरान सामाजिक संगठनों के डॉक्टरों और नर्सों की टीम श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह व्यवस्था शुरूआती 45 दिनों के लिए है। उधर, चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले पुलिस द्वारा प्रदेश में बाहर से आए लोगों के भौतिक सत्यापन के लिए चलाए गए अभियान में कुल 2,526 लोग संदिग्ध पाए गए जिनमें से 10 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 21 अप्रैल से चलाए गए 10 दिवसीय अभियान के दौरान मिले शेष संदिग्धों के विरूद्ध पुलिस अधिनियम तथा अन्य अधिनियमों के तहत कार्यवाही की गई है।

लेखक के बारे में

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours