बड़ा हादसा, अमरेली में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, प्रशिक्षु पायलट की गई जान

गुजरात के अमरेली में प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है। पुलिस ने बताया कि हादसे में पायलट की मौत हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक निजी विमानन अकादमी का प्रशिक्षण विमान मंगलवार दोपहर गुजरात के अमरेली जिले के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। हादसे में एक प्रशिक्षु पायलट की मौत हो गई। बताया गया कि विमान एक पेड़ से टकराकर जमीन पर जा गिरा।

अमरेली के पुलिस अधीक्षक संजय खराट ने बताया कि विमान दोपहर करीब 12:30 बजे अमरेली शहर के गिरिया रोड इलाके में एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे प्रशिक्षु पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि पायलट अकेले उड़ान भर रहा था। विमान ने अमरेली हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। खराट ने बताया कि शास्त्री नगर इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में आग लग गई और वह लपटों में घिर गया। खराट ने कहा, ‘अमरेली हवाई अड्डे से एक पुरुष प्रशिक्षु पायलट के साथ उड़ान भरने के बाद हवाई अड्डे से संचालित होने वाली एक विमानन अकादमी का प्रशिक्षक विमान एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अकेले उड़ान भर रहे प्रशिक्षु पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि विमान जलकर खाक हो गया। दुर्घटना में कोई और घायल नहीं हुआ।’

उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित एक विमानन अकादमी अमरेली हवाई अड्डे से पायलट प्रशिक्षण मुहैया कराती है। स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया और जांच शुरू कर दी है। अग्निशमन अधिकारी एससी गढ़वी ने बताया कि विमान दुर्घटना और आग लगने की सूचना मिलने पर स्थानीय अग्निशमन दल की चार टीमें शास्त्रीनगर पहुंचीं। टीमों ने आग पर काबू पा लिया है।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours