एसटीएफ और ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सोमवार शाम नानकमत्ता से एमडीएमए बनाने वाली फैक्टरी के संचालक टनकपुर निवासी कुनाल राम कोहली को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एमडीएमए ड्रग्स तैयार करने के लिए बनारस और गाजियाबाद से लाया गया कच्चा माल बरामद हुआ है।
बरामद सामान में 126 लीटर प्रतिबंधित कैमिकल और 28 किलो पाउडर शामिल है। इस कच्चे माल से करीब 12 किलोग्राम एमडीएमए तैयार किया जाना था। इस कार्रवाई में 7.41 ग्राम तैयार एमडीएमए भी बरामद हुआ है। यह ड्रग्स के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इसके संबंध में मंगलवार को पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत 11 जून को चंपावत पुलिस ने ईशा नाम की महिला को गिरफ्तार किया था। ईशा के कब्जे से पांच किलोग्राम से अधिक एमडीएमए बरामद हुआ था। इससे पहले कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच कार्रवाई कर चुकी थी।
पता चला था कि पिथौरागढ़ के थल थाना क्षेत्र में एक मुर्गी फॉर्म में एमडीएमए ड्रग्स तैयार किया जाता है। वहां से कई तस्करों और इसे तैयार करने वाले आरोपियों को मुंबई पुलिस ने पकड़ा था। मुंबई और चंपावत पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी कुनाल राम कोहली का नाम सामने आया था। उसके पीछे एसटीएफ, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंहनगर पुलिस लगी हुई थी। इसी बीच पता चला कि वह नानकमत्ता के नर्सरी तिराहा क्षेत्र में रह रहा है।
एसटीएफ और नानकमत्ता पुलिस ने सोमवार शाम को कुनाल राम कोहली को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर यह कच्चा माल बरामद हुआ है। इस कच्चे माल से एमडीएमए ड्रग्स तैयार कर इसे मुंबई में सप्लाई किया जाना था।
एमडीएमए ड्रग्स तस्करी और इसे बनाने वालों के तार नेपाल तक जुड़े हैं। कुनाल ने यह कच्चा माल बनारस और गाजियाबाद की फैक्टरियों से मंगवाया था। ऐसे कैमिकल बनाने वाली फैक्टरी उत्तराखंड में भी मौजूद हैं, जिनकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये माल हुआ बरामद
डायक्लोरोमिथेन – 57.5 लीटर
एसीटोन फॉर सिंथेसिस – 20 लीटर
हाइड्रोक्लोरिक एसिड – 47.5 लीटर
मिथाइलमाइन सॉल्यूशन – 500 मिलीलीटर
सोडियम हाइड्रॉक्साइड – 28 किलोग्राम



+ There are no comments
Add yours