“रामायण पर सबका अधिकार नहीं”: प्रेम सागर ने नितेश तिवारी की फिल्म के टीज़र पर दी स्पष्ट प्रतिक्रिया

जब-जब बात रामायण की होती है, तो सबसे पहले रामानंद सागर की ‘रामायण’ ही याद आती है। वही ‘रामायण’ जिसकी हर शाम देश की गलियां सूनी हो जाती थीं। अब जब नितेश तिवारी अपनी फिल्म ‘रामायण’ लेकर आ रहे हैं, तो सबकी नजर इस पर है। हाल ही में जब फिल्म का पहला टीजर रिलीज हुआ तो लोगों में इसकी चर्चा भी छिड़ी। जब अमर उजाला डिजिटल ने इस टीजर पर रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर से बात की थी तो उन्होंने बड़ी साफ और सधी हुई बात कही। जानिए उन्होंने क्या कहा था…

प्रेम सागर ने कहा, ‘हर इंसान के मन में अपनी एक रामायण होती है। अगर कोई डायरेक्टर अपनी सोच से रामायण बना रहा है, तो हमें उसे फौरन सही या गलत नहीं कहना चाहिए। हमें उसे एक कोशिश की तरह देखना चाहिए।’ तीन मिनट के टीजर में शानदार विजुअल्स और दमदार VFX हैं। रणबीर कपूर को तीर चलाते हुए, ध्यान लगाते हुए और पेड़ पर चढ़ते हुए दिखाया गया है। उनका मानना है कि आज की पीढ़ी ग्राफिक्स और विजुअल इफेक्ट्स से जुड़ती है, तो अगर राम का नाम इन नए रास्तों से युवाओं तक पहुंच रहा है, तो ये बुरा नहीं, अच्छा है। उन्होंने कहा, ‘अगर किसी की कल्पना में राम पेड़ पर चलते हैं, तो वो उसकी सोच है। हर कलाकार को अपनी बात कहने की आजादी होनी चाहिए। आखिर में जनता ही तय करती है कि क्या ठीक है और क्या नहीं।’

हालांकि, इस दौरान प्रेम सागर का कहना था कि क्रिएटिव लिबर्टी का मतलब ये नहीं कि धार्मिक किरदारों की जड़ें ही हिला दी जाएं। आदिपुरुष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘आदिपुरुष’ में रावण को जिस तरह दिखाया गया, वो ठीक नहीं था। रावण कोई मांस खाने वाला या चिल्लाने वाला राक्षस नहीं था। वो एक बड़ा विद्वान और शिवभक्त ब्राह्मण था। राम ने खुद उसे यज्ञ कराने के लिए बुलाया था। रामेश्वरम की पूजा उसी की मिसाल है। जब आप ऐसे महान पात्रों को गलत तरह से दिखाते हैं, तो जनता उसे नकार देती है। ‘आदिपुरुष’ इसका उदाहरण है। प्रेम सागर ने खुद को न क्रिटिक बताया, न सिर्फ ऑडियंस। उन्होंने कहा, ‘मैं रामभक्त हूं। अगर कोई राम का नाम ले रहा है, राम की बात फैला रहा है, तो उसे मेरा नमस्कार है। राम का प्रचार किसी भी रूप में हो, उसका स्वागत होना चाहिए।’

ब्रह्मा, विष्णु और शिव त्रिदेव की झलक से शुरू होने वाले इस टीजर में रामायण को सभी युद्धों का अंत करने वाला युद्ध कहा गया है। वीडियो के आखिरी हिस्से में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आते हैं और यश को रावण के रोल में दिखाया गया है। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित ‘रामायण’ दो हिस्सों में बनेगी। इसका पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होगा और दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा।

 

 

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours