उत्तर भारत में भीषण लू का कहर, दिल्ली-NCR में पारा 44 डिग्री के पार

जम्मू-कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के आठ राज्य भीषण लू की चपेट में हैं। आसमान से बरसती आग में दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत उबल रहा है। दिन में प्रचंड धूप के बाद रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। उमस ने तपिश की चुभन और बढ़ा  दी है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन तपिश 51-52 डिग्री जैसी महसूस की गई। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उमस के साथ पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। राजस्थान के कई हिस्सों में पहले ही तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर 12 जून तक, राजस्थान के कई स्थानों, पंजाब में और चंडीगढ़ में 13 जून तक लू चलने की संभावना है। हालत यह है कि सुबह की शुरुआत ही करीब 30 डिग्री तापमान से हो रही है। दिल्ली में सोमवार सुबह तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दोपहर होते-होते यह बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हीट इंडेक्स 51 से 52 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, इसलिए ज्यादा गर्मी महसूस की गई। अगले चार दिन तक सतही हवाएं भी चलने की संभावना है। धूल भरी आंधी के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक भी 219 पर पहुंच गया है, जो खराब श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में रात के समय भी भीषण गर्मी महसूस की जाएगी। पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में भीषण गर्मी के साथ ही उमस महसूस की जाएगी। बिहार, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस रहेगी, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम गर्म और उमस वाला बना रहेगा।

लेखक के बारे में

Uttarakhand Jagran http://uttarakhandjagran.co.in

हम आपके आस-पास की खबरों और विचारों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। हम सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए देश और समाज से जुड़ी खबरें और सूचनाएं परोसेंगे। हमारी टीम डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन प्रकाशन का काम करती है।

संपर्क - गोवर्धन प्रसाद मनोरी
मोबाइल नंबर - +91-9548276184

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours