ऋषभ शेट्टी की इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ का ट्रेलर आज सामने आ गया है। ट्रेलर रिलीज से पहले ही इसको लेकर फैंस में काफी उत्साह था और वो बेसब्री से फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे थे। अब ट्रेलर रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और ट्रेंडिंग में आ गया है। ट्रेलर देखने के बाद फिल्म को लेकर लोगों का उत्साह और भी बढ़ गया है।
2 मिनट 56 सेकंड के इस ट्रेलर में ऋषभ शेट्टी और गुलशन देवैया के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलता है। गुलशन इस बार विलेन के किरदार में नजर आए हैं, वो फिल्म में राजा बने हुए हैं। फिल्म में इस बार राजा और प्रजा के बीच के युद्ध को दिखाया जाएगा। ट्रेलर में दंत कथाओं और लोक कथाओं का जिक्र है, जो फिल्म का मूल भी है। ट्रेलर देखकर ये साफ पता चलता है कि फिल्म में जबरदस्त वीएफएक्स और विजुअल्स देखने को मिलेंगे। क्योंकि ट्रेलर में ही कुछ सीन ऐसे हैं, जो आपके मुंह से वाह निकाल सकते हैं। ऋषभ शेट्टी द्वारा निर्देशित ‘कंताराः चैप्टर 1’ होम्बले फिल्म्स की सबसे बड़े प्रोजेक्ट में से एक है। इस फिल्म की क्रिएटिव टीम में म्यूजिक डायरेक्टर बी. अजनीश लोकनाथ, सिनेमैटोग्राफर अरविंद कश्यप और प्रोडक्शन डिज़ाइनर विनेश बंग्लान शामिल हैं, जिन्होंने मिलकर फिल्म की दमदार विजुअल और इमोशनल कहानी को आकार दिया है।
फिल्म के ट्रेलर को अलग-अलग भाषाओं में अलग-अलग सुपरस्टार ने प्रस्तुत किया है। हिंदी में इस ट्रेलर को बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन ने लॉन्च किया है। जबकि तेलुगु में प्रभास, तमिल में शिवकार्तिकेयन और मलयालम में पृथ्वीराज सुकुमारन ने इसे लॉन्च किया। इस फिल्म को लेकर लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।



+ There are no comments
Add yours