आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ सिनेमा के सुपरस्टार पवन कल्याण इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं। चार दिनों से लगातार वायरल बुखार की चपेट में रहने के कारण वह सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर हैं। तेलुगु राजनीति और फिल्म जगत में एक साथ सक्रिय पवन की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही उनके प्रशंसकों और समर्थकों में चिंता बढ़ गई।
जनसेना पार्टी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पवन कल्याण को तेज बुखार और खांसी की समस्या बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी जांच कर रही है, लेकिन बुखार कम नहीं हो रहा। इसी वजह से अब उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया है। शुक्रवार को वे मंगलगिरी से हैदराबाद पहुंचे जहां विशेषज्ञ चिकित्सक उनका उपचार करेंगे।
पवन कल्याण की सेहत की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर पोस्ट लिखते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। नायडू ने कहा कि वो जल्द स्वस्थ होकर न सिर्फ आंध्र प्रदेश की जनता की सेवा करें बल्कि अपनी हालिया रिलीज ‘फिल्म द कॉल हिम ओजी’ की सफलता का आनंद भी उठा पाएं। दिलचस्प बात यह है कि पवन कल्याण की बिगड़ती सेहत के बीच उनकी मच अवेटेड फिल्म ‘द कॉल हिम ओजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना दिया है। 25 सितंबर को रिलीज हुई इस एक्शन-थ्रिलर में पवन ने गंभीरा (OG) का दमदार किरदार निभाया है। पहले ही दिन फिल्म ने 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर चौंका दिया। दर्शकों और समीक्षकों की ओर से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसे साउथ इंडस्ट्री की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शुमार कर दिया है।
उपमुख्यमंत्री बनने के बाद से पवन कल्याण लगातार राज्यभर में व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। लेकिन इस बीमारी की वजह से फिलहाल उनकी राजनीतिक सक्रियता पर भी ब्रेक लग गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने तक वह सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखेंगे।


+ There are no comments
Add yours